नथिंग, वीवो और रियलमी ने महंगे कर दिएन फोन

Smartphone Price Hike: कुछ दिन पहले ऐप्पल ने आईपैड और मैकबुक महंगे कर ग्राहकों की जेब को झटका दिया था. अब एंड्रॉयड फोन बनाने वाली कंपनियां भी इस राह पर आगे बढ़ रही हैं. Nothing, Vivo और Realme ने एक बार फिर अपने फोन के दामों में इजाफा कर दिया है. इन कंपनियों ने अपने अलग-अलग स्मार्टफोन्स की कीमतों 1,000-7,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है. बता दें कि स्टोरेज और मेमोरी चिप्स महंगे होने के कारण कंपनियों की लागत बढ़ रही है और ग्राहकों को मोबाइल और लैपटॉप आदि के लिए ज्यादा पैसा देना पड़ रहा है.
वीवो के 9 फोन हो गए महंगे
वीवो ने अपनी लाइन-अप के 9 स्मार्टफोन महंगे किए हैं. इनमें फ्लैगशिप एक्स सीरीज, प्रीमियम मिड-रेंज वी सीरीज, मिड रेंज टी सीरीज और बजट वाई सीरीज के मॉडल शामिल हैं. यानी कंपनी ने सस्ते से लेकर प्रीमियम फोन तक महंगे कर दिए हैं. Vivo X300 FE की कीमतों में सबसे ज्यादा 7,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. पहले इसकी कीमत 79,999 थी, जिसे बढ़ाकर अब 86,999 रुपये कर दिया गया है. इसके अलावा Vivo V70 FE, Vivo T5x, Vivo T4 Lite, Vivo Y51 Pro, Vivo Y31 5G, Vivo Y21 5G, Vivo Y11 5G और Vivo Y05 मॉडल के दाम भी बढ़े हैं.
नथिंग ने बढ़ाई Phone 4a सीरीज की कीमत
नथिंग ने अपनी Phone 4a सीरीज की कीमत में 4,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है. Nothing Phone 4a की शुरुआती कीमत अब 37,999 रुपये से बढ़कर 39,999 रुपये हो गई है. ध्यान रहे कि यह फोन 31,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हुआ था. इसी तरह Nothing Phone 4a Pro के 12GB+256GB वेरिएंट की कीमत 55,999 रुपये से बढ़कर 59,999 हो गई है. यह फोन 45,999 रुपये में लॉन्च हुआ था.
Realme 16 और 16 Pro Plus महंगे हुए
रियलमी की बात करें तो कंपनी ने 16 और 16 Pro Plus के दाम बढ़ाए हैं. Realme 16 Pro Plus अब 46,999 रुपये की जगह 49,999 रुपये में मिलेगा. यह फोन 39,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च हुआ था. इसी तरह Realme 16 की कीमत में 1,000 रुपये का इजाफा हुआ है. हालांकि, कंपनी ने Realme 16 Pro की कीमत में कटौती की है. अब यह 39,999 रुपये की जगह 37,999 रुपये में मिलेगा.
क्यों महंगे हो रहे हैं फोन?
फोन की बढ़ती कीमत के पीछे सबसे बड़ा कारण एआई बूम का है. अब चिप बनाने वाली कंपनियां एआई डेटा सेंटर की डिमांड पूरी कर रही है. इस कारण मोबाइल और लैपटॉप में यूज होने वाली स्टोरेज और मेमोरी चिप्स की कमी हो गई है. सप्लाई की जगह डिमांड ज्यादा होने के कारण इनकी कीमतें आसमान छूने लगी है. इन्हें खरीदने के लिए कंपनियों को ज्यादा पैसा देना पड़ रहा है और इसी बढ़ी हुई लागत को पूरा करने के लिए फोन और लैपटॉप के दाम बढ़ाए जा रहे हैं.




