‘प्रेमी के साथ भाग गई थी बहन, इसलिए मार डाला’; गाजियाबाद में ऑनर किलिंग, हत्या के बाद मुंडन, गंगा में पिंडदान

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से ऑनर किलिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है। बड़े भाई ने अपनी बहन की हत्या इसलिए कर दी, क्योंकि वह एक लड़के के साथ प्रेम संबंधों में थी। बहन की हत्या करने के बाद भाई ने मुंडन कराया। गंगा में उसका पिंडदान किया। अब वह पुलिस की गिरफ्त में है। गिरफ्तारी के बाद हत्या के कारणों का खुलासा हुआ है। आरोपी ने कहा कि बहन प्रेमी के साथ भाग गई थी, इसलिए उसको मार डाला। पुलिस इस ब्लाइंड मर्डर केस की लगातार जांच कर रही थी। दरअसल, 23 जुलाई की सुबह खेत में युवती का शव मिला था। इसके बाद से लगातार मामले में जांच चल रही थी। पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद आरोपी के तक पहुंच पाई।
कार्रवाई पर बोले डीसीपी
डीसीपी धवल जायसवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले एक महिला का शव मिला था। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम कराया और मामला दर्ज किया। एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल के नेतृत्व में पुलिस की 4 टीमें शव की पहचान करने में लगाई गई। पुलिस ने 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। उसमें आया कि घटनास्थल के पास तक एक ऑटो और एक कार आते जाते दिखाई दी। कार सवार युवक क्रिकेट खेलकर जा रहे थे। वहीं, ऑटो की जांच और मोबाइलों के इलाके में एक्टिव होने की जांच की गई। इस दौरान कुछ संदिग्ध नंबरों की पहचान की गई।
आरोपी को किया गया गिरफ्तार
डीसीपी धवल जायसवाल ने कहा कि शुक्रवार सुबह ने पुलिस ने दीपक पुत्र तोलन प्रसाद निवासी गांव बंधवाताल, थाना बांसी, जिला सिद्धार्थनगर को अरेस्ट किया है। दीपक निर्माण श्रमिक है। उसके पिता गांव में मजदूरी करते हैं। वह तीन बहनों में सबसे बड़ा है। उसकी छोटी बहन 20 दिन पहले गांव के एक लड़के के साथ भाग गई थी। परिवार ने उसे बरामद कर लिया। गांव के लड़के से बात करने से परिवार ने मना किया। बहन लगातार उसी लड़के से शादी की जिद पर अड़ी थी। लड़की 20 जुलाई को मौसी के घर आ गई। इसके बाद भी वह लड़के को भूलने को तैयार नहीं थी।
आरोपी दीपक अपनी छोटी बहन को घर छोड़ने की बात कहकर नोएडा से ऑटो से लेकर निकला। वेव सिटी जंगल के पास आरी के ब्लेड से उसकी गर्दन काट दी। उसके शव को जंगल में फेंक दिया। इसके बाद हापुड़ के बृजघाट पहुंचा। वहां उसने अपना मुंडन कराया और पिंडदान भी करा दिया।
पुलिस ने दी जानकारी
डीसीपी ने बताया कि मामले को आज सफलतापूर्वक सुलझा लिया गया है। उसकी हत्या उसके भाई दीपक ने की थी। वह उसके प्रेम प्रसंग से नाराज था और गुस्से में आकर उसने हत्या कर दी। हत्या में इस्तेमाल किया गया ब्लेड बरामद कर लिया गया है। उसका मोबाइल फोन भी मिल गया है। इस मामले को सफलतापूर्वक सुलझाने के लिए पूरी टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। वह उसके साथ कुछ बार भाग गई थी और उसके भाई को इस बात की जानकारी थी।
डीसीपी ने कहा कि वह इस पूरी घटना को लेकर उससे नाराज था। इस योजना को अंजाम देने के लिए वह उसे नोएडा से ऑटो-रिक्शा में बिठाकर एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसकी हत्या कर दी। हमारे पास पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज है।




