दिल्ली पुलिस ने साइबर फ्रॉड गिरोह का किया पर्दाफाश, बैंक कर्मचारी समेत 3 शातिर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस एक बड़े साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें एक बैंक कर्मचारी भी शामिल है. पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह गिरोह फर्जी बैंक खातों के जरिए लोगों से ठगी की रकम इकट्ठा कर उसे आगे ट्रांसफर करता था.
दिल्ली पुलिस को बरेली के रहने वाले अमन बाबू मौर्य के खाते से 10 हजार रुपये की ठगी की शिकायत मिली थी. जांच के दौरान पुलिस को मयूर विहार स्थित एक बैंक का संदिग्ध खाता मिला, जो कंस्ट्रक्शन रॉयल एंटरप्राइज के नाम से खोला गया था. यह खाता शोकिन नाम के व्यक्ति के नाम पर था. जांच में पता चला कि यह अकाउंट पहले भी 8 साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़ा हुआ है.
दिल्ली पुलिस की जांच में हुआ अहम खुलासा
दिल्ली पुलिस ने सबसे पहले शोकिन को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने बताया कि उसका भतीजा शारुक उर्फ जोजो उसे इस काम में लाया था. इसके बाद शारुक को भी पकड़ा गया. शारुक ने खुलासा किया कि बैंक का एक कर्मचारी फ्रांशु कुमार भी पैसे लेकर ऐसे फर्जी अकाउंट खुलवाने में मदद करता था. पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया. इस तरह पुलिस के हत्थे आरोपी एक के बाद एक चढ़ते गए. आरोपियों ने पुछताछ में कई खुलासे किए हैं.
विदेशी अपराधियों से जुड़े आरोपियों के ठगी के तार
पुलिस की जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई कि इस पूरे गिरोह के तार विदेशी अपराधियों से जुड़े हैं जो टेलीग्राम के जरिए संपर्क में थे. ये लोग म्यूल अकाउंट की जानकारी विदेश में बैठे हैंडलर्स को भेजते थे और बदले में कमीशन क्रिप्टोकरेंसी में लेते थे. आरोपियों के मोबाइल से ऐसे ऐप भी मिले हैं, जिनसे OTP तक की जानकारी विदेश में बैठे लोग हासिल कर लेते थे. फिलहाल बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे गिरोह को पकड़ने की कोशिश की जा रही है.




