महाराष्ट्र

अशोक खरात मामले में SIT की जांच तेज, हेल्पलाइन पर रोज मिल रही हैं शिकायतें

नासिक के बहुचर्चित पाखंडी बाबा अशोक खरात मामले की जांच के लिए विशेष SIT का गठन किया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस जांच की रोजाना समीक्षा कर रहे हैं.

शुरुआती दौर में महिलाओं के वायरल हुए वीडियो के कारण बदनामी के डर से कई पीड़ित महिलाएं सामने आकर शिकायत दर्ज कराने से हिचकिचा रही हैं. ऐसे में पुलिस की ओर से महिलाओं को आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. उन्हें मानसिक सहारा दिया जा रहा है और यह भरोसा दिलाया जा रहा है कि उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

अशोक खरात के खिलाफ आ रहे 5 से 6 कॉल

जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा शुरू की गई हेल्पलाइन पर हर दिन करीब 5 से 6 कॉल अशोक खरात के खिलाफ आ रहे हैं. एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, महज 23 दिनों में इस हेल्पलाइन पर सैकड़ों फोन कॉल प्राप्त हुए हैं. इन शिकायतों में महिलाओं की संख्या अधिक है. कई मामलों में धोखाधड़ी, दबाव बनाकर विश्वासघात और शोषण जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं.

अशोक खरात के खिलाफ दर्ज हुए 15 मामले

अशोक खरात के खिलाफ अब तक विभिन्न धाराओं के तहत 15 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से 8 मामले महिलाओं से जुड़े हैं. हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के आधार पर अब तक 40 लोगों के बयान गवाह के रूप में दर्ज किए जा चुके हैं. अब इस मामले में गठित SIT की जांच में आने वाले दिनों में और क्या नए खुलासे होते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button