महाराष्ट्र

नागपुर में RSS मुख्यालय, स्मृति मंदिर में रेडियोएक्टिव हमले की धमकी, कमिश्नर को भेजा पत्र

नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में आरएसएस मुख्यालय और स्मृति मंदिर को रेडियोएक्टिव हमले की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। एक गुमनाम पत्र में ‘रेडियोएक्टिव’ हमले की धमकी दी गई। इससे शहर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा पत्र नागपुर के पुलिस आयुक्त डॉ रविंद्रकुमार सिंगल को भेजा गया। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महाल मुख्यालय और रेशीमबाग स्थित स्मृति मंदिर परिसर का जिक्र है। इस धमकी भरे पत्र में ‘डीएसएस’ नाम के एक कथित संगठन का जिक्र किया गया है और संघ के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया गया है।

धमकी भरे पत्र में क्या

बता दें कि यह गुमनाम पत्र 27 अप्रैल को डाक के जरिए पुलिस आयुक्त कार्यालय में पहुंचा था। इस पत्र को अंग्रेजी में लिखा गया है। इस पत्र में ‘डीएसएस’ नाम के संगठन का जिक्र किया गया है। पत्र में दावा किया गया है कि दोसरभवन चौक के पास डेटोनेटर रखा गया है। आरएसएस मुख्यालय, रेशीमबाग स्मृतिमंदिर और मेट्रो में ‘सीजियम-137’ नाम की रेडियोएक्टिव पाउडर डाले जाने की बात लिखी गई।

पत्र में इन जगहों का जिक्र

इस पाउडर को बेहद खतरनाक बताते हुए कई स्वयंसेवकों के प्रभावित होने की धमकी दी गई।
पत्र में जिन जगहों का जिक्र था, उनमें मुख्यालय, स्मृतिमंदिर, बीजेपी का गणेशपेठ कार्यालय और मेट्रो स्टेशन शामिल थे।
हालांकि वहां एटीएस ने एनडीआरएफ और परमाणु विशेषज्ञों की मदद से जांच की लेकिन कहीं भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला।

पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस ने इस मामले में एटीएस की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह लेटर किसने और क्यों लिखा है। बता दें कि कुछ दिन पहले दोसरभवन मेट्रो स्टेशन के पीछे डॉ. उज्ज्वल लांजेवार के घर के सामने खाली जगह से डेटोनेटर और जिलेटिन की छड़ें मिली थीं। पत्र में यह भी दावा किया गया कि ये विस्फोटक भी उन्होंने ही रखे थे और यह सिर्फ चेतावनी थी, असली खेल अब शुरू होगा।

Related Articles

Back to top button