लेख

जनचेतना-लोकतंत्र को समर्पित हिंदी पत्रकारिता

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर सभी पत्रकारों, लेखकों, संपादकों और पाठकों को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देंगे…

भारत में प्रत्येक वर्ष 30 मई को हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है। यह दिन हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास और उसके समाज के प्रति योगदान को याद करने का अवसर है। हिंदी पत्रकारिता ने लोगों को जागरूक करने, समाज को सही दिशा देने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संघर्ष, साहस और जनहित की भावना के साथ पत्रकारों/लेखकों ने हमेशा आम जनता की आवाज उठाई है। आज सोशल मीडिया और आधुनिक तकनीक के दौर में भी यह दिवस हमें पत्रकारिता के मूल मूल्यों- सत्य, निष्पक्षता और जनसेवा को बनाए रखने की प्रेरणा देता है। पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने तत्कालीन ब्रिटिश भारत की राजधानी कलकत्ता से हिंदी के प्रथम समाचार पत्र ‘उदन्त मार्तण्ड’ का प्रकाशन आरंभ किया। ‘उदन्त मार्तण्ड’ का शाब्दिक अर्थ है- ‘उगता हुआ सूर्य’। यह एक साप्ताहिक समाचार पत्र था, जो प्रत्येक मंगलवार को प्रकाशित होता था। उस समय भारत में अंग्रेजी, फारसी, उर्दू और बांग्ला भाषाओं के समाचार पत्र प्रकाशित हो रहे थे, किंतु हिंदी भाषियों के लिए कोई समाचार पत्र उपलब्ध नहीं था।
ऐसे समय में हिंदी पत्रकारिता का यह साहसिक कदम भारतीय भाषायी अस्मिता और जनजागरण की दिशा में एक ऐतिहासिक शुरुआत थी। हालांकि ‘उदन्त मार्तण्ड’ का जीवन बहुत लंबा नहीं रहा। सीमित पाठक संख्या, आर्थिक कठिनाइयों और ब्रिटिश सरकार द्वारा डाक शुल्क में कोई रियायत न दिए जाने के कारण यह समाचार पत्र दिसंबर 1827 में बंद हो गया। इसके बावजूद इसने हिंदी पत्रकारिता की मजबूत नींव रखी। केवल डेढ़ वर्ष के अपने छोटे से सफर में ‘उदन्त मार्तण्ड’ ने यह सिद्ध कर दिया कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की चेतना को जागृत करने का सशक्त माध्यम भी है। इसी ऐतिहासिक योगदान की स्मृति में प्रतिवर्ष 30 मई को हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हिंदी समाचार पत्रों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध जनमत तैयार करने, लोगों को जागरूक करने और देशभक्ति की भावना जगाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यदि हिमाचल प्रदेश के संदर्भ में देखा जाए तो यहां हिंदी मीडिया की भूमिका और भी अधिक महत्वपूर्ण रही है। पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों, दूरदराज के गांवों और सीमित संसाधनों के बीच पत्रकारिता का विकास आसान नहीं था। एक समय ऐसा था जब प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों तक सडक़ें नहीं पहुंची थीं और संचार सुविधाएं भी अत्यंत सीमित थीं। ऐसे कठिन दौर में समाचार पत्र और पत्रिकाएं ही लोगों को देश-दुनिया से जोडऩे का प्रमुख माध्यम थीं। इसलिए कहा जाता है कि पर्वतीय प्रदेश में पत्र-पत्रिकाओं का प्रकाशन पत्थर से पानी निकालने के समतुल्य है। हिमाचल प्रदेश में पत्रकारिता का आरंभ उन्नीसवीं शताब्दी में शिमला से माना जाता है। सन् 1848 में ‘द शिमला इंटेलिजेंसर’, ‘शिमला एडवरटाइजर’, ‘शिमला गार्जियन’ और अन्य समाचार पत्र प्रकाशित होने लगे थे। इसी काल में शेख अब्दुल्ला द्वारा ‘शिमला अखबार’ का प्रकाशन किया गया, जिसे हिमाचल में भाषायी पत्रकारिता की शुरुआत माना जाता है। पिछले कुछ दशकों में हिमाचल प्रदेश में शिक्षा और साक्षरता के विस्तार के साथ हिंदी समाचार पत्रों और साहित्यिक पत्रकारिता का प्रभाव काफी बढ़ा है। आज प्रदेश में राष्ट्रीय समाचार पत्रों के साथ-साथ अनेक क्षेत्रीय और स्थानीय समाचार पत्र भी प्रकाशित हो रहे हैं। इन समाचार पत्रों ने न केवल समाचारों का प्रसारण किया है, बल्कि साहित्य, संस्कृति और सामाजिक चिंतन को भी मंच प्रदान किया है। कविता, कहानी, गजल, संस्मरण, यात्रा वृत्तांत, पुस्तक समीक्षा और सामाजिक आलेखों के माध्यम से हिंदी पत्रकारिता ने साहित्यिक अभिरुचियों को विकसित करने में अहम योगदान दिया है। अपने साहित्यिक योगदान में दैनिक दिव्य हिमाचल समाचार पत्र का रविवारीय परिशिष्ट प्रतिबिंब, पाठकों की साहित्यिक रुचियों की अभिव्यक्ति के लिए उपयुक्त मंच प्रदान करता है। वर्तमान समय में इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव ने पत्रकारिता के स्वरूप को काफी बदल दिया है। आज समाचार कुछ ही क्षणों में लोगों तक पहुंच जाते हैं। डिजिटल मीडिया ने जहां अभिव्यक्ति के नए अवसर प्रदान किए हैं, वहीं कई चुनौतियां भी सामने आई हैं। फेक न्यूज, भ्रामक सूचनाएं, पक्षपातपूर्ण रिपोर्टिंग और व्यावसायिक दबाव पत्रकारिता की विश्वसनीयता के लिए गंभीर खतरे बनते जा रहे हैं। ऐसे समय में निष्पक्ष, सत्य और संतुलित पत्रकारिता की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। हिमाचली मीडिया ने जनहित से जुड़े अनेक मुद्दों, जैसे पर्यावरण संरक्षण, सडक़, स्वास्थ्य, शिक्षा, बेरोजगारी, पर्यटन और प्राकृतिक आपदाओं को प्रमुखता से उठाकर समाज और सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण कार्य किया है। प्रदेश के अनेक पत्रकारों और लेखकों ने अपनी लेखनी के माध्यम से जनचेतना को नई दिशा दी है। यह आवश्यक है कि मीडिया संस्थान ऐसे पत्रकारों और स्तंभकारों को प्रोत्साहित करें जो समाज के वास्तविक मुद्दों को ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ सामने ला रहे हैं।
आज हिंदी पत्रकारिता दिवस केवल अतीत की स्मृतियों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि पत्रकारिता के वर्तमान और भविष्य पर विचार करने का भी समय है। पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज को सत्य से अवगत कराना, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना और जनहित की आवाज बनना है। यदि हिंदी मीडिया अपनी विश्वसनीयता, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों को बनाए रखता है, तो वह आने वाले समय में भी लोकतंत्र का सशक्त प्रहरी बना रहेगा। हिंदी पत्रकारिता का यह गौरवशाली सफर ‘उदन्त मार्तण्ड’ से शुरू होकर आज डिजिटल युग तक पहुंच चुका है। बदलते समय के साथ माध्यम बदल सकते हैं, लेकिन पत्रकारिता का मूल धर्म- सत्य और समाज सेवा सदैव अमर रहेगा। हिंदी पत्रकारिता दिवस पर सभी पत्रकारों, लेखकों, संपादकों और पाठकों को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देंगे। हिंदी पत्रकारिता दिवस की सभी सुधी पाठकों को हार्दिक बधाइयां।

Related Articles

Back to top button