विचलित कर रही विनाशलीला, भारत के पीड़ितों को फोन से सांत्वना; 30 देशों के 1400+ नागरिक लापता

नेपाल में बाढ़ से आई तबाही का मंजर विचलित कर रहा है। भारत के लोग बड़ी संख्या में लापता हैं। महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश के लापता लोगों की तलाश जारी है। भारतीय वायुसेना (IAF) का विमान राहत और बचाव कार्य में मदद कर रहा है। बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमा नेपाल से लगती है, ऐसे में संवेदनशील इलाकों और नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी हो रही है।
नेपाल की बाढ़ में 30 देशों के 1400 से अधिक लोग लापता
चीन और नेपाल की सीमा से लगे क्षेत्र में आई भीषण अचानक बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। 1400 से अधिक लोग लापता हैं।प्रभावित लोगों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की है, जो ट्रेकिंग, गाइडेड टूर या पवित्र हिंदू तीर्थस्थल की यात्रा के लिए क्षेत्र में पहुंचे थे। नेपाल के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, 910 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। इनमें 517 विदेशी नागरिक शामिल हैं। अब तक 50 विदेशी नागरिकों को हवाई मार्ग से सुरक्षित निकाला गया है। लापता लोगों में 113 नेपाली पर्यटक, सेना और पुलिस के 85 सुरक्षाकर्मी तथा रसुवा जिले के 161 स्थानीय निवासी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, अलग-अलग एजेंसियों के आंकड़ों में अंतर रिपोर्टिंग और बचाव कार्यों के बीच समन्वय की कमी के कारण हो सकता है।
04:19 AM, 28-Aug-2026
80 पुल और 42 किमी सड़क आपदा में घ्वस्त
नेपाल के भोटे कोशी और त्रिशूली नदी क्षेत्रों में ऊंची चोटियों से उतरी आपदा अपने पीछे भयावह तबाही और बर्बादी का मंजर छोड़ गई है। त्रिशूली बाजार और उसके आसपास लगभग 60 घर बह गए हैं, जबकि त्रिशूली नदी पर बने दो मोटर योग्य पुल भी बह गए। पास के देवीघाट क्षेत्र में भी भारी नुकसान हुआ है। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, बाढ़ से परिवहन ढांचे को भारी नुकसान हुआ है। इसके तहत 35 मोटर योग्य पुल, 45 सस्पेंशन ब्रिज और लगभग 40 किलोमीटर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। कई स्थानों पर वाहन बह गए या मलबे के नीचे दब गए।
04:05 AM, 28-Aug-2026
नदी तट से 100 मीटर ऊंचाई पर बसे सोल गांव में घुसा पानी
नेपाल की बागमती नदी तल से 100 मीटर की ऊंचाई पर गांव में भी पानी घुस गया। यहां रहने वाले अर्जुन पौडेल के अनुसार, उनका गांव ‘सोले’ और ‘तुप्चे’ नदी के तल से लगभग 100 मीटर की ऊंचाई पर स्थित थे। सदियों के इतिहास में नदी का पानी कभी इतनी ऊंचाई तक नहीं पहुंचा था। लेकिन 26 अगस्त को आए सैलाब ने इन सुरक्षित माने जाने वाले गांवों को कुछ ही मिनटों में मलबे के ढेर में बदल दिया।
03:45 AM, 28-Aug-2026
नेपाल में किस देश के कितने लोग लापता?
नेपाल की आपदा में भारत के अलावा मलयेशिया, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और सिंगापुर जैसे देशों के नागरिक भी लापता हुआ हैं। एक नजर लापता लोगों की संख्या और इन देशों के नाम पर;
| देशों के नाम | नेपाल में कितने लापता (अनुमानित संख्या) |
|---|---|
| भारत | 290 |
| चीन | 100 |
| अमेरिका | 65 |
| यूक्रेन | 53 |
| मलेशिया | 51 |
| ऑस्ट्रेलिया | 35 |
| यूनाइटेड किंगडम | 33 |
| कनाडा | 25 |
| सिंगापुर | 9 |
| रूस | 8 |
| जर्मनी | 8 |
| दक्षिण कोरिया | 8 |
| लातविया | 6 |
| दक्षिण अफ्रीका | 6 |
| जापान | 5 |
| न्यूजीलैंड | 5 |
| फ्रांस | 4 |
| पुर्तगाल | 3 |
| बेल्जियम | 3 |
| इटली | 2 |
| आयरलैंड | 2 |
| कजाकिस्तान | 2 |
| नीदरलैंड | 2 |
| फिनलैंड | 1 |
| इस्राइल | 1 |
| फिलीपींस | 1 |
| सर्बिया | 1 |
| लिथुआनिया | 1 |
| बेलारूस | 1 |
| हंगरी | 1 |
| स्वीडन | 1 |
03:33 AM, 28-Aug-2026
नेपाल बाढ़: भारत में राज्य सरकारों का रुख क्या?
तमिलनाडु सरकार में मंत्री आधव अर्जुन ने कहा, तमिल लोग भी नेपाल की आपदा में फंसे हुए हैं। सरकार आज रात और कल सुबह भी इस बारे में चर्चा करेगी। क्या वे विदेश मंत्रालय और अन्य मंत्रालयों के अधिकारियों से मुलाकात के सवाल पर आधव ने कहा, उनके साथ सहयोगी मंत्री ए. राजमोहन, कृषि मंत्री आर. विनोद और अनिवासी तमिल कल्याण मंत्री के. थेन्नारासु भी मिलने जा रहे हैं।
महाराष्ट्र सरकार में डिप्टी सीएम की कुर्सी संभाल रहे एकनाथ शिंदे ने नेपाल घूमने गए पर्यटकों और बाढ़ के कारण वहां फंसे पीड़ितों से वीडियो फोन कॉल के माध्यम से बात की। उन्होंने हरसंभव मदद मुहैया कराने का आश्वासन देते हुए पीड़ितों से हिम्मत बनाए रखने की अपील भी की।
03:19 AM, 28-Aug-2026
नेपाल की बाढ़ पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप क्या बोले?
नेपाल की बाढ़ पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सहयोग जताया है। व्हाइट हाउस में मीडिया कर्मियों की मौजूदगी में ट्रंप ने कहा, हमने नेपाल से बात की है और उन्हें हर तरह की मदद की पेशकश की है। नेपाल के साथ हमारे बहुत अच्छे संबंध हैं और यह भयावह घटना है… ऐसा पहले कभी किसी ने नहीं देखा होगा… मजबूत और सुव्यवस्थित इमारतें माचिस की तीलियों की तरह बह गईं। यह बहुत भयानक है। हम सहायता भेज रहे हैं। हमने सरकार से भी बात कर आश्वस्त किया है कि उन्हें जो भी चाहिए, वह मिल सकता है… वहां 50-60 अमेरिकी नागरिक भी थे। हमें अभी तक पूरी सूची नहीं मिली है, लेकिन उम्मीद है कि वे ठीक होंगे।




